बॉलीवुड की चर्चित ग्लैमर गर्ल समीरा रेड्डी की रेस कोई खास कमाल दिखा नहीं पाई थी और इसके अलावा उनके पास कोई और ऐसी फिल्म नहीं थी जो उनका कैरियर संभाल सके। गुमनामी के अंधेरों में डूब रहे उनके कैरियर को उबारने के लिये उन्हें 'इकबाल' और 'डोर' फेम नागेश कुकुनूर का सहारा मिल गया है। समीरा नागेश की अगली फिल्म 'ये हौसला' में दलित महिला का रोल कर रही हैं जो पंचायत से अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ती हैं। सूत्रों का कहना है कि इस फिल्म में पहली बार समीरा को अपनी अदाकारी का जौहर दिखाने का मौका मिलेगा। इस फिल्म को लेकर समीरा इसलिए भी काफी खासी उत्साहित हैं क्योंकि इसमें उनके साथ तनूजा और तन्वी आजमी जैसी दिग्गज कलाकार भी काम कर रही हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नागेश तो हैं ही। एक और दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में एक दलित महिला का किरदार निभा रहीं समीरा पहली बार ग्लैमर गर्ल का चोला उतार कर बिना मेकअप के रुपहले परदे पर नजर आएंगी। वह भी इसालिए कि शायद 'ग्लैमर' वाली छवि की जगह 'सहज रूप' में दर्शकों में सराहा जाया। फिलहाल यह जरूर है कि समीरा का 'ग्लैमर गर्ल' का खिताब अस्तित्वहीन है, हां भावी भूमिकाओं से शायद समीरा अपना रुतबा फिर कायम कर लें। (हिफी)